साईं डायग्नोस्टिक सेंटर पर भाजपा नेता ने लगाये गंभीर आरोप, सीएमओ से जांच की मांग
(बिना रेडियोलॉजिस्ट अल्ट्रासाउंड कराने और अन्य अनियमितताओं का आरोप,कार्यवाही न होने पर मुख्यमंत्री को लिखेंगे पत्र)
रामनगर, बाराबंकी। रामनगर स्थित साईं डायग्नोस्टिक सेंटर एक बार फिर चर्चा में है। सेंटर में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बाराबंकी को शिकायत भेजी गई है, जिसके बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
शिकायतकर्ता ने सेंटर पर बिना रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता के अल्ट्रासाउंड जांच कराने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा युवा मोर्चा महादेवा मंडल के महामंत्री वीरेंद्र प्रताप सिंह (गोलू) द्वारा भेजे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि रामनगर स्थित साईं डायग्नोस्टिक सेंटर में पंजीकृत रेडियोलॉजिस्ट की नियमित उपस्थिति नहीं रहती, लेकिन इसके बावजूद मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। आरोप है कि इस प्रक्रिया में मरीजों को सही जानकारी दिए बिना जांच कराई जा रही है, जिससे न केवल नियमों की अनदेखी हो रही है बल्कि आर्थिक शोषण की भी आशंका है। भाजपा नेता ने गोपनीय जांच कराने की भी मांग की है।
वीरेंद्र प्रताप सिंह ने दूरभाष पर बताया कि कार्यवाही न होने पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखुंगा आम जनता का जो शोषण किया जा रहा है कतई बर्दाश्त योग्य नहीं है।


Social Plugin